धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) का बड़ा अधिकारी बनकर घर में घुसने, जान से मारने की धमकी देने और लाखों के इलेक्ट्रॉनिक सामान लूटकर फरार होने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने धर दबोचा है। सिविल लाइन रुद्री पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके गृह जिले से गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित ने सिविल लाइन रुद्री थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग खुद को एसीबी (ACB) का अधिकारी बताकर उसके घर में जबरन घुस आए थे। आरोपियों ने पीड़ित को गोली मारने की धमकी दी और घर में रखे कीमती सामान—जैसे 1 लैपटॉप, 1 वनप्लस पैड और 8 महंगे मोबाइल फोन जबरन अपने साथ ले गए। चोरी किए गए इस पूरे सामान की कुल कीमत लगभग 2.50 लाख रुपये आंकी गई थी।
शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मामला दर्ज किया और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें बीएनएस की धारा 335 और 309(4) जैसी गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
इस बहुचर्चित मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को शिकंजे में ले चुकी है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामचंद देवांगन (निवासी जल विहार कॉलोनी, रुद्री) और नागेंद्र पटेल (निवासी पटना, कोरिया) के रूप में हुई थी, जिन्हें पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया था।
बैकुंठपुर से पकड़ा गया फरार आरोपी हितेश सिंह
घटना के बाद से फरार चल रहा मुख्य आरोपी हितेश सिंह (निवासी सलका बड़कापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया) पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था। धमतरी एसपी भावना पांडेय के निर्देशन में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रुद्री पुलिस ने एक टीम गठित की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दबिश देकर आरोपी हितेश सिंह को बैकुंठपुर से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ यह सख्त अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।